पेशावर (खैबर पख्तूनख्वा) पाकिस्तान। खैबर पख्तूनख्वा (केपी) के बन्नू, बजौर, लक्की मरवत, स्वाबी और टैंक जिलों के प्रशासन ने रविवार को एक महीने के लिए धारा 144 लागू कर दी है।
यह आदेश कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति को देखते हुए जारी किया गया। इन पांच जिलों में से बन्नू, बजौर और टैंक उन 12 जिलों में शामिल हैं, जहां सुरक्षा की गंभीर चुनौतियां हैं और वहां विशेष आपातकालीन उपाय लागू किए गए हैं।
डान अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, बजौर में जिला प्रशासन ने 30 दिनों के लिए सभी तरह की राजनीतिक सभाओं, राज्य के खिलाफ “नफरत भरे भाषण” (हेट स्पीच) देने और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है।
बजौर के उपायुक्त अदनान फरीद अफरीदी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए इन प्रतिबंधों को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कदम उठाना जरूरी है।
आदेश में कहा गया है कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों को किसी भी “अप्रिय घटना” को रोकने के लिए अधिक सतर्क रहना होगा।
साथ ही, जिले में आने-जाने के रास्तों पर सुरक्षा बढ़ानी होगी और सार्वजनिक स्थानों पर “अनधिकृत सभाओं” को रोकना होगा।
यह आदेश 15 नवंबर (रविवार) से लागू होगा और 15 दिसंबर तक प्रभावी रहेगा। चेतावनी दी गई है कि जो कोई भी इस आदेश का उल्लंघन करेगा, उसे पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 188 तहत दंडित किया जाएगा।
अक्टूबर में भी सुरक्षा स्थिति का हवाला देते हुए अधिकारियों ने बजौर में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठने पर 10 दिनों के लिए रोक लगा दी थी। बन्नू में वाहनों की खिड़कियों पर काली फिल्म लगाने पर भी रोक है। एक अलग आदेश के अनुसार, बन्नू में भी इसी अवधि के लिए धारा 144 लागू की गई है।
इस बीच, स्वाबी में डीसी नसरुल्ला खान ने तत्काल प्रभाव से एक महीने के लिए सार्वजनिक सभाओं, रैलियों, जुलूसों, मार्च और प्रदर्शनों पर रोक लगा दी है।
उधर, प्रतिबंध लागू होने के बावजूद जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फ़जल के कार्यकर्ताओं ने करनैल शेर खान चौक पर विरोध प्रदर्शन किया।
लक्की मरवत में दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने पर भी रोक लगाई गई है। डीसी शाहिद रफीक ने जिले की सीमा के भीतर सार्वजनिक सभाओं, जुलूसों, रैलियों, जमावड़ों और मार्च पर एक महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।
आदेश के अनुसार, ये प्रतिबंध जिला पुलिस अधिकारी के अनुरोध पर लगाए गए हैं। उधर, टैंक में डीसी जमशेद खान ने एक अधिसूचना जारी कर सार्वजनिक सभाओं, रैलियों और जुलूसों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
बन्नू के ‘बोर्ड ऑफ इंटरमीडिएट एंड सेकेंडरी एजुकेशन’ ने पूरे उत्तरी वजीरिस्तान में इंटरमीडिएट की सालाना परीक्षा स्थगित कर दी है। खैबर पख्तूनख्वा लंबे समय से आतंकवादी हमलों और सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है।
पिछले महीने बाजौर में आतंकवादियों ने एक पुलिस चौकी पर हमला किया, जिसमें एक पुलिस अधिकारी शहीद हो गए।
शुक्रवार को सेना के मीडिया विंग ने बताया कि केपी और बलूचिस्तान में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों में 74 आतंकवादी मारे गए हैं।
