रायपुर। रायपुर में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ और आगे की कार्रवाई के बीच वह अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे दोबारा पकड़ लिया गया। घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है।
रजबंधा मैदान के पास पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर की शाम सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति अपने पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान के पास दबिश दी।
इस दौरान पुलिस ने मुशर्रफ खान (24) को पकड़ लिया। मौके पर पूछताछ और आगे की कार्रवाई की जा रही थी। इसी बीच आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। आसपास अंधेरा और गलियां संकरी होने के कारण उसे पकड़ने में पुलिस को परेशानी हुई।
टास्क फोर्स ने संभाला मोर्चा
आरोपी के फरार होने की सूचना के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और मौदहापारा पुलिस की टीम ने इलाके में घेराबंदी की। संभावित ठिकानों पर तलाश की गई। लगातार कोशिशों के बाद पुलिस ने फरार होने के करीब तीन घंटे के भीतर उसे दोबारा पकड़ लिया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
