दिनांक – 12 नवंबर 2026
स्थान – रायगढ़, छत्तीसगढ़
पीयूष मिश्रा / 9229629214
सड़क पर खतरनाक स्टंट और अशोभनीय हरकत करने वाले 5 युवक गिरफ्तार, चक्रधरनगर पुलिस ने भेजा जेल
सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने का जुनून पांच युवकों को भारी पड़ गया। रायगढ़ शहर की सड़कों पर बाइक से खतरनाक स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकतें करते हुए वीडियो बनाना युवकों को महंगा पड़ गया। चक्रधरनगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी युवकों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद पांचों को जेल दाखिल करा दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
मामला 9 नवंबर की रात का है, जब रायगढ़ शहर में शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच युवक जा रहे थे। इस दौरान युवक चलती बाइक पर खतरनाक स्टंटबाजी करने के साथ सार्वजनिक सड़क पर अशोभनीय हरकतें कर रहे थे। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे थे।
युवकों की इन हरकतों को एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और इसकी जानकारी चक्रधरनगर थाना प्रभारी को दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कराई और इसकी जानकारी एसएसपी शशि मोहन सिंह को दी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने पांचों युवकों को उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया और सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की हरकतों के खतरों से अवगत कराते हुए समझाइश दी।
य
इसके बावजूद घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांचों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस एवं 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई की जद में आने वाले युवकों में विद्याधर देवांगन, ऋतिक बरेठ, आशीष चौहान, आकाश शर्मा और मनीष शर्मा शामिल हैं। सभी की उम्र लगभग 21 वर्ष बताई गई है।
रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर इस तरह के वीडियो और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और वाहन चलाने के तौर-तरीकों पर ध्यान दें।
बाइट – सुशांतो बनर्जी
डीएसपी रायगढ़
बाइट का मुख्य अंश: सड़कें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं को कड़ा संदेश दिया है। साफ है कि सड़क पर लापरवाही और हुड़दंग अब महंगा पड़ सकता है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन और सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
