जगदलपुर, बस्तर
राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कारों का ढोंग या मौत का खौफनाक सौदा? खौलते वेस्टेज में झुलसकर मजदूर की दर्दनाक मौत, सवालों के घेरे में NMDC प्रबंधन!
भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन संचालित नगरनार स्टील प्लांट में सुरक्षा के दावों की एक बार फिर धज्जियां उड़ गई हैं। एक तरफ प्रबंधन राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा के 16 पुरस्कार जीतने का ढिंढोरा पीट रहा है, वहीं दूसरी तरफ प्लांट के भीतर खौलते वेस्टेज इस्पात ने एक स्थानीय मजदूर की जान ले ली।
प्लांट के वेस्टेज शिफ्टिंग यार्ड में हुए भीषण हादसे में खौलते वेस्टेज की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बस्तर के छोटे देवड़ा / टूटी देवड़ा निवासी मंगल साय के रूप में हुई है, जो एसएमएस शाखा में कोलकाता की एक निजी ठेका कंपनी के माध्यम से कार्यरत था।
अब सवाल उठ रहा है – सुरक्षा पुरस्कार जीतने वाले प्लांट में बार-बार ऐसी प्राणघातक चूक क्यों हो रही है? क्या ठेका कंपनियों की मनमानी और प्रबंधन की लापरवाही के आगे श्रमिकों की जान की कोई कीमत नहीं है? क्या स्वास्थ्य बीमा, सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा ऑडिट सिर्फ कागजी औपचारिकता बनकर रह गए हैं?
मानवाधिकार सुधार संगठन, बस्तर जिला के अश्विनी कुमार कौशिक ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और दोषी प्रबंधन व ठेका कंपनी पर सख्त आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।
सवाल यही है – आखिर कब तक बस्तर के मजदूरों का खून इसी तरह नगरनार की भट्टियों में बहता रहेगा?
