पीयूष मिश्रा / 9229629214
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने साझा की जानकारी : राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी रहेंगीं उपस्थित
समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का मिलेगा मार्गदर्शन, प्रदेश भर से 500 से अधिक महिला नेत्रियां होंगी शामिल
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश इकाई की प्रथम दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक का आयोजन आगामी 16 एवं 17 नवम्बर को राजधानी स्थित जैमन मानस भवन में किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेशभर से 500 से अधिक महिला पदाधिकारी एवं नेत्रियाँ शामिल होंगी।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अवस्थी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रथम कार्यसमिति बैठक में मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रूपकुमारी चौधरी दोनों दिन उपस्थित रहेंगी। 16 नवम्बर को कार्यसमिति की विधिवत शुरुआत होगी। अध्यक्षीय उद्बोधन एवं राजनीतिक सत्र के तहत प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अवस्थी द्वारा प्रदेश महिला मोर्चा का कार्यवृत्त प्रस्तुत करने के पश्चात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा “वर्तमान राजनीतिक परिवेश में महिला मोर्चा की भूमिका” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू केंद्र एवं राज्य सरकार की महती जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के विषय पर मार्गदर्शन देंगे। मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रूपकुमारी चौधरी संगठनात्मक विषयों पर प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला प्रमुखों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगी। इसी दौरान मीडिया एवं सोशल मीडिया संयोजकों द्वारा भी महिला नेत्रियों को आधुनिक कार्यशैली एवं संवाद के संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा। सोमवार को रात्रि भोजन के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी रखा गया है।
