रायपुर। कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने 81 सचिवों की नियुक्ति और जिम्मेदारियों में फेरबदल की सूची जारी की है।
इसमें छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिवों को भी बदल दिया गया है। अब जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह प्रदेश में AICC सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले यह जिम्मेदारी विजय जांगिड और संपत कुमार के पास थी। जरिता लैतफलांग को भी छत्तीसगढ़ से हटाकर नॉर्थ ईस्ट के राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने नियुक्तियों को लेकर प्रेस रिलीज जारी की है। सूची के मुताबिक सभी बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। पार्टी ने छत्तीसगढ़ के नेताओं को दूसरे राज्यों में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
कोको पाढ़ी ओडिशा और नरेश ठाकुर गुजरात के प्रभारी सचिव
युवा नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं नरेश ठाकुर को गुजरात PCC की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर भिलाई नगर से विधायक देवेंद्र यादव को गुजरात PCC के प्रभारी सचिव पद से हटा दिया गया है।
कई राज्यों में बदली जिम्मेदारियां
AICC की सूची में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, असम, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के लिए नियुक्तियां की गई हैं। उत्तर प्रदेश के प्रभारी सचिव राजेश तिवारी को भी पद से हटाया गया है।
पार्टी ने राज्यों के अलावा संचार, प्रचार-प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया जैसे विभागों में भी पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। इस फेरबदल के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए प्रभारी सचिवों की टीम संगठनात्मक कामकाज संभालेगी।



