रायपुर/ छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान का असर दिखाई देने लगा है। देर रात प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश से तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम में आए बदलाव के चलते रायपुर संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार और धमतरी जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
चक्रवात का असर बलौदाबाजार जिले में भी देखने को मिल रहा है। यहां रात से कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में धान की फसल पककर तैयार है, लेकिन बारिश के कारण कटाई प्रभावित होने और फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इससे पहले हुई बारिश के बाद खेतों में नमी अधिक होने के कारण किसान कटाई नहीं कर पा रहे थे।
बीते कुछ दिनों की धूप से खेत सूखने लगे थे और किसानों को फसल जल्द समेटने की उम्मीद जगी थी, लेकिन दोबारा बारिश शुरू होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश होने पर धान भीगने, खेतों में फसल गिरने और गुणवत्ता खराब होने का खतरा बना हुआ है।

प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन बलौदाबाजार जिले में अभी भी बड़ी संख्या में किसानों की फसल खेतों में खड़ी है। इसके चलते खरीदी केंद्रों तक धान की आवक अपेक्षाकृत कम बनी हुई है। यदि बारिश का दौर जारी रहता है तो कटाई में और देरी हो सकती है, जिसका असर धान खरीदी की रफ्तार पर भी पड़ सकता है। ऐसे में निर्धारित समय के भीतर सभी किसानों की उपज खरीदी जा सकेगी या नहीं, इसको लेकर चिंता बढ़ने लगी है।

