स्थान–रायगढ़
दिनांक: 21 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट: दीपक यादव
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस ने झपटमारी और लूटपाट की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है। आरोपियों ने पहले युवक का आईफोन छीना और फिर ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर मोबाइल और नकदी लूट ली। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और लूटा गया आईफोन बरामद किया है। खास बात यह है कि पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
युवक से आईफोन की झपटमारी
दरअसल, पहली घटना 13 अक्टूबर की रात की है। ग्राम टेरम निवासी 24 वर्षीय सूरज राठिया घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान बंगाली ढाबे के सामने गतिअवरोधक के पास काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पीछे बैठे युवक ने सूरज की जेब से आईफोन छीन लिया और तीनों रायगढ़ रोड की ओर फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर घरघोड़ा पुलिस ने 18 अक्टूबर को अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर लूटपाट
दूसरी वारदात 16 अक्टूबर की रात करीब दो बजे घरघोड़ा बाईपास स्थित हनुमान ईंट भट्ठे के सामने हुई। बिहार निवासी 33 वर्षीय ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह अपने वाहन से जा रहे थे। तभी बाइक सवार तीन युवकों ने ट्रेलर को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने चाकू दिखाकर चालक को नीचे उतारा और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से मारपीट की। पांच हजार रुपये की मांग पूरी नहीं करने पर आरोपियों ने चालक का रेडमी मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे तीन हजार रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया। वारदात के बाद आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज की। टीआई कुमार गौरव और प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत एरेवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपने साथी समीर महंत उर्फ पप्पू के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान परेड कराई, जिसमें पीड़ितों ने दोनों संदिग्धों की पहचान आरोपियों के रूप में की।
आईफोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया था और आईफोन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सुरेन्द्र चौहान से घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और सुमेष प्रधान से पीड़ित का सफेद रंग का आईफोन बरामद किया गया है। हालांकि, ट्रेलर चालक से लूटा गया रेडमी मोबाइल, नकदी और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद होने की पुष्टि प्रेस विज्ञप्ति में नहीं की गई है। मामले में तीसरा आरोपी समीर महंत उर्फ पप्पू फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
अनिल सोनी,
एडिशनल एसपी रायगढ़
राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर झपटमारी, लूटपाट और मारपीट करने वाले अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नागरिक किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
फिलहाल, घरघोड़ा पुलिस दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत एरेवार, आरक्षक हरीश पटेल, उद्यो पटेल और भानु चंद्रा की सराहनीय भूमिका रही।