दुर्ग,विष्णु दत्त /21-10-2026
भिलाई स्टील प्लांट के निजीकरण की खबर को प्रबंधन ने साफ तौर पर अफवाह बताया है, लेकिन अब यही मुद्दा भिलाई की सियासत में गर्मी बढ़ा रहा है। दिसंबर में होने वाले भिलाई नगर निगम चुनाव से पहले बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने जहां इस मुद्दे को चुनावी हथकंडा बताया, वहीं भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने पलटवार करते हुए रिकेश सेन को कांग्रेस का भविष्य बताने की सलाह दे डाली।
बीएसपी निजीकरण को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रबंधन की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद अब राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि भिलाई नगर निगम चुनाव नजदीक है, इसलिए कांग्रेस की ओर से निजीकरण को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं। वहीं वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नजर महापौर चुनाव पर है और कांग्रेस की ओर से नीरज पाल को मैदान में उतारने की तैयारी है। उन्होंने देवेंद्र यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे खुद महापौर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं और उनका टिकट लगभग तय माना जा रहा है।
रिकेश सेन के बयान पर भिलाई नगर देवेंद्र यादव ने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रिकेश सेन कांग्रेस के भविष्य की भविष्यवाणी कर रहे हैं, इससे तो लगता है कि उनका कांग्रेस से ज्यादा जुड़ाव हो गया है। अगर कांग्रेस की तरफ इतना झुकाव है तो स्वागत है।देवेंद्र यादव ने फिर दोहराया कि न वे और न ही उनका परिवार महापौर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस जमीनी कार्यकर्ताओं को मौका देगी और पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी।