धार: मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई। महू-नीमच हाईवे पर महेंद्रा ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर दो सगे भाई प्रियांश और मोक्ष के साथ उनकी मौसेरी बहन आरुषि सवार थी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला प्रियांश दोपहर करीब 2 बजे अपने छोटे भाई मोक्ष और मौसेरी बहन आरुषि को सेंट फ्रांसिस स्कूल से लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद बच्चे करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। घटनास्थल पर बच्चों के स्कूल बैग, किताबें और जूते बिखर गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पीथमपुर सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रॉले को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। घटना से परिवार में मातम पसरा है।