जगदलपुर | piyush mishraa
। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जमीन के साथ-साथ अब आसमान में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने तीन अहम इलाकों को ‘नो ड्रोन फ्लाइंग जोन’ घोषित कर दिया है।
मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से 25 किलोमीटर के दायरे में 23 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक किसी भी तरह के ड्रोन, पैराग्लाइडर या अन्य उड़ने वाले उपकरणों के इस्तेमाल पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। यह पाबंदी राष्ट्रपति के विमान के लैंडिंग और टेक-ऑफ को देखते हुए लगाई गई है।
इसके अलावा सुरक्षा का दूसरा घेरा सिरहासार भवन और दंतेश्वरी मंदिर के आसपास बनाया गया है। इन दोनों जगहों से 3 किलोमीटर के दायरे में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ड्रोन उड़ाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। क्योंकि राष्ट्रपति का मुख्य कार्यक्रम मुरिया दरबार सिरहासार में और दर्शन कार्यक्रम दंतेश्वरी मंदिर में है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अगर कोई भी व्यक्ति, यूट्यूबर या फोटोग्राफर इस आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ड्रोन जब्त कर लिया जाएगा।