पीयूष मिश्रा / 9229629214
मिनी खेल स्टेडियम, स्टडी पॉइंट, तीन नई पानी टंकियां और बंजारी मंदिर से भनपुरी तक ब्रिज निर्माण की योजना बताई
बिरगांव। नगर निगम बिरगांव के वार्ड क्रमांक 16 दंतेश्वरी वार्ड में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू शामिल हुए। इस अवसर पर बिरगांव मंडल अध्यक्ष भागीरथी यादव, पूर्व पार्षदगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मोतीलाल साहू ने वार्ड एवं बिरगांव क्षेत्र में अब तक कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही आने वाले वर्षों में क्षेत्र के विकास को लेकर प्रस्तावित योजनाओं का भी विस्तार से उल्लेख किया।
विधायक ने बताया कि उरकुरा एवं सरोरा में युवाओं और खिलाड़ियों की सुविधा के लिए मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। वहीं बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर शहर की तर्ज पर बिरगांव में आधुनिक स्टडी पॉइंट का निर्माण भी आगामी वर्षों में किया जाएगा।
उन्होंने पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रावाभाठा, उरकुरा एवं सरोरा में तीन नवीन पानी टंकियों के निर्माण की प्रस्तावित योजना की जानकारी दी। इसके अलावा बंजारी मंदिर से भनपुरी तक भारी वाहनों के आवागमन के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए भविष्य में ब्रिज निर्माण की योजना पर भी अपनी बात रखी।
विधायक मोतीलाल साहू ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पिछले नगर निगम चुनाव में महापौर का चुनाव पार्षदों के माध्यम से हुआ था, लेकिन इस बार पार्षद एवं महापौर पद के लिए मतदाता अलग-अलग मतदान करेंगे और यह मतदान जनता द्वारा ही किया जाएगा
दिवाली मिलन समारोह में विधायक ने क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बिरगांव के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने आपसी सौहार्द और उत्साह के साथ दीपावली मिलन समारोह मनाया।
