piyuah mishraa / 9229629214
मरवाही। रायपुर निवासी अल्फ़ाज़ खान ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मैनपाट टाइटंस की ओर से बतौर गोलकीपर मैदान में उतरे अल्फ़ाज़ ने फाइनल मुकाबले में बेहतरीन गोलकीपिंग करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। अल्फ़ाज़ का मरवाही क्षेत्र के दानीकुंडी गांव में ननिहाल है। उनकी इस उपलब्धि से दानीकुंडी सहित पूरे मरवाही क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम किया। मुकाबले के दौरान अल्फ़ाज़ खान ने विपक्षी टीम के पेनल्टी स्ट्रोक को रोककर शानदार बचाव किया, जो मैच के अहम क्षणों में से एक रहा। मैनपाट टाइटंस को विजेता बनने पर ट्रॉफी के साथ 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6 लाख रुपये मिले। अल्फ़ाज़ खान बिलासपुर के बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। वे जूनियर हॉकी इंडिया के टूर्नामेंटों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। इसके अलावा बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के परफॉर्मेंस असेसमेंट कैंप के लिए भी उनका चयन हुआ है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा उन्हें आधुनिक गोलकीपर किट देकर सम्मानित और प्रोत्साहित किया जा चुका है।अल्फ़ाज़ की इस उपलब्धि को लेकर उनके ननिहाल पक्ष और दानीकुंडी के लोगों में खुशी है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
